बाराबंकी में रामनगर क्षेत्र स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि (फाल्गुनी मेला) के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में रामनगर थाना पुलिस द्वारा ड्रोन से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। ऊंचाई से की जा रही निगरानी से भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिवरात्रि मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।