यूपी के बाराबंकी में शुक्रवार सुबह कंपोजिट विद्यालय की शिक्षिका का शव प्रधानाध्यापक कक्ष के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। मौके पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। घटना सतरिख थाना क्षेत्र के उधवापुर स्थित कंपोजिट विद्यालय की है। यहां तैनात शिक्षिका उमा वर्मा उर्फ माला (40) का शव फंदे से लटका मिला। साथी शिक्षकों के अनुसार, उमा शहर के जलालपुर मोहल्ले की रहने वाली थीं। उनके पति ऋषि भी जिले के सिद्धौर ब्लॉक में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। ऋषि शुक्रवार सुबह रोज की तरह उमा को विद्यालय छोड़कर अपने विद्यालय चले गए। स्कूल पहुंचने के बाद उमा कुछ परेशान नजर आ रही थीं। बताया गया कि विद्यालय आने के कुछ देर बाद वह अपना सामान कक्षा में छोड़कर प्रधानाध्यापक कक्ष में चली गईं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकलीं तो सहकर्मियों ने आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा गया। वहां रस्सी के सहारे फंदे से लटकता शव मिला। यह दृश्य देखते ही शिक्षकों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।