गेहूं के खेत में रात के समय एक 25 वर्षीय महिला का पेट के बल पड़ा शव बरामद किया गया है। खेत मालिक की सूचना पर बबेरू पुलिस ने जांच पड़ताल की। शिनाख्त न होने पर शव को मोर्चरी भेजा गया है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव खेत में फेंका गया है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के कुचेंदू गांव के मोड़ पर किसान आशाराम खेत है। आंबेडकर नगर निवासी बटाईदार रामप्रताप वर्मा बुधवार की रात खेत गया था। खेत में गेहूं की फसल के बीच एक 25 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला। उन्होंने सभासद संतोष वर्मा से बताया। उन्होंने कोतवाली को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, शिनाख्त न होने पर शव को बांदा भेज दिया। कोतवाली इंस्पेक्टर बलराम सिंह ने बताया कि फील्ड यूनिट से जांच कराई है तो शव दो दिन पुराना लग रहा है। कोहनी में खरोंच के निशान मिले हैं। शरीर में जाहिर और कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। उधर, लोगों का कयास है कि किसी ने महिला की हत्या कर शव को खेत में फेंका है।