बांदा में महोबा-बांदा नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कस्बा थाना क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर दूर मुंडेरी मोड़ के पास दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की जलकर मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार कबरई से बांदा की ओर जा रहे गिट्टी लदे ट्रक के चालक सुरेश पांडे (55) और बांदा से महोबा की ओर जा रहे खाली ट्रक के चालक सूरज नाथ उर्फ साधु तथा क्लीनर सनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गिट्टी भरे ट्रक का क्लीनर सुलतानपुर निवासी अभिषेक यादव (23) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।