साइबर अपराधियों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक को दिल्ली पुलिस और सीबीआई अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट कर लिया। आरोपितों ने शिक्षक को ड्रग्स तस्करी में फंसाने की धमकी देकर 36 लाख रुपये ट्रांसफर कराए, लेकिन साइबर क्राइम टीम की तत्परता से यह रकम समय रहते बचा ली गई। मामला कालूकुआं मोहल्ला निवासी रिटायर्ड शिक्षक रुद्र प्रसाद मिश्रा को सोमवार दोपहर एक वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले खुद को दिल्ली पुलिस और सीबीआई अधिकारी बताकर बोले कि उनके नाम पर किसी संदीप कुमार के नाम से संदिग्ध पार्सल भेजा गया है, जिसमें ड्रग्स मिला हैं। इसके बाद आरोपितों ने वीडियो कॉल पर थाने और कोर्ट का दृश्य दिखाकर उन्हें पूरी तरह भयभीत कर दिया। करीब 10 घंटे तक डिजिटल कैद में रखने के बाद आरोपितों ने कहा कि सभी बैंक खातों में जमा राशि की जांच आरबीआई करेगा, इसलिए वह रकम उनके बताए खाते में भेजें। दहशत के चलते शिक्षक ने मंगलवार दोपहर एक्सिस बैंक अलीगंज शाखा से 36 लाख रुपये आरोपी के द्वारा दिए गए अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। हालांकि बैंक मैनेजर मनीष कुमार त्रिपाठी को इतनी बड़ी रकम एक ही खाते में भेजे जाने पर शक हुआ।