बलरामपुर में सीआईसीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में शानदार सफलता हासिल करने वाले जीसस एंड मैरी स्कूल एंड कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। हाईस्कूल में 98.6 प्रतिशत अंक के साथ टॉप करने वाले आयुष गोयल और इंटरमीडिएट में 92.3 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान पाने वाले हसन शोएब ने अपनी सफलता, भविष्य की योजनाओं और मेहनत के अनुभव साझा किए। हाईस्कूल टॉपर आयुष गोयल ने कहा कि परिणाम देखकर बेहद खुशी हुई। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देने से यह सफलता मिली। आयुष ने कहा कि माता-पिता और शिक्षकों ने हर समय उनका उत्साह बढ़ाया। इंटरमीडिएट टॉपर हसन शोएब ने कहा कि यह सफलता उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई में निरंतरता और आत्मविश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी है। परिवार और शिक्षकों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई। हसन ने कहा कि उनका सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनना है। सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा करना उनका बचपन से लक्ष्य रहा है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और मेहनत से हर सपना पूरा किया जा सकता है।