बलरामपुर के तुलसीपुर क्षेत्र में पिता की हत्या कर भागे हुए बेटे को पुलिस ने दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अधजली लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि गुस्से में उसने पिता पर लगातार वार किए थे। तुलसीपुर कस्बे के जरवा रोड स्थित लाल चौराहा के पास 25 जुलाई की रात आरोपी पिंटू उर्फ करिया का अपनी बहन से विवाद हो रहा था। गाली-गलौज का विरोध करने पर उसके पिता कल्लू बीच-बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पिंटू ने अधजली लकड़ी के डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पिता को बचाने पहुंची मां को भी उसने पीट दिया। गंभीर रूप से घायल कल्लू को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को लाल चौराहा क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गुस्से में पिता को तब तक पीटा, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। वारदात के बाद वह मौके से भाग गया था। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की गई थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अधजली लकड़ी भी बरामद कर ली गई है।