बलरामपुर में तुलसीपुर नगर में श्री श्याम सेवक कुटुम्ब के 12वें श्री श्याम फाल्गुनोत्सव एवं भजन संध्या का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन शक्तिपीठ गायत्री मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने 111 निशान लेकर सहभागिता की। यात्रा से पूर्व देवी पाटन शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर महंत मिथलेश नाथ योगी ने खाटू श्याम बाबा की पालकी की पूजा-अर्चना कर विधिवत शुरुआत कराई। निशान यात्रा नई बाजार चौक और हनुमानगढ़ी चौराहा होते हुए हनुमानगढ़ी प्रांगण पहुंची, जहां हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। पूरे मार्ग में जय श्री श्याम के जयघोष, भजन-कीर्तन और पुष्प वर्षा से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति के अनुसार दूसरे दिन मधुरिमा इन में भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक प्रस्तुति देंगे तथा अंत में प्रसाद वितरण किया जाएगा। नगर में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।