यूपी के बलरामपुर में पूर्व गन्ना मंत्री स्वर्गीय हनुमंत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और पीडीए पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है। वह अब एक परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को प्रदेश की जनता और जनसरोकार के मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है। राजनीतिक सवालों पर उन्होंने समाजवाद के प्रणेता डॉ. राममनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र, आचार्य नरेंद्र देव और राजनारायण का जिक्र किया। कहा कि जिन सिद्धांतों और विचारों को लेकर समाजवादी पार्टी का गठन हुआ था, आज पार्टी उनसे पूरी तरह दूर हो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए पीडीए का अर्थ ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताया। सपा को न तो ब्राह्मण समाज की चिंता है और न ही किसी अन्य समाज की। उन्होंने पत्रकारों के साथ कथित व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि जब पत्रकारों को भी नहीं छोड़ा जाता तो आम लोगों के साथ कैसा व्यवहार होता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले गुंडे, बदमाश और माफिया सत्ता तंत्र के संरक्षण में पनपते थे। बलरामपुर भी इससे अछूता नहीं था। उस समय सड़क, बिजली, पानी, अस्पताल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बदहाल थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। महिलाएं और बेटियां आज अधिक सुरक्षित माहौल में घर से निकल सकती हैं। सरकार ने विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया है।