बलरामपुर में स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया, जिसका कराया जाएगा निर्माण।-संवाद
बलरामपुर। तुलसीपुर तहसील में एक सड़क व चार जर्जर पुलों की मरम्मत पर एक करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क व जर्जर पुलों को चिह्नित किया गया है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर तैयारी तेज कर दी है।
विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र की एक बदहाल सड़क व जर्जर पुलों की मरम्मत कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव दिया था, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। विधायक के प्रस्ताव को शासन स्तर से मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। बहराइच-सिरसिया-गुलरिहा मार्ग पर सिरिया नाला स्थित पुल के क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मत कराने पर 26 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। तुलसीपुर-कोयलाबास मार्ग पर नकटी नाला स्थित पुल की मरम्मत 28 लाख रुपये से कराई जाएगी। महराजगंज-ललिया मार्ग पर खरझार नाले के क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत पर 27 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बहराइच-सिरसिया-तुलसीपुर मार्ग पर स्थित हेंगहा नाला पुल की मरम्मत पर 28.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह तिवारीडीह से दुंदरा संपर्क मार्ग की मरम्मत के साथ नवीनीकरण के कार्य पर 19.37 लाख रुपये खर्च होंगे।
दो माह में पूरा होगा काम
तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र की एक सड़क व चार जर्जर पुलों की मरम्मत कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर दो माह में मरम्मत का काम पूरा कराया जाएगा। - कुमार शैलेंद्र, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड