उत्तरी दियरांचल के गोपालनगर टांडी में सरयू नदी की कटान मंगलवार को और भयावह हो गई। कटान की चपेट में आकर मुसाफिर यादव का पूरा मकान नदी में समा गया, जबकि हंसराज यादव के मकान का एक हिस्सा कटकर नदी में चला गया। टांडी में शिवनाथ यादव और विजय सिंह समेत आधा दर्जन लोगों के मकान कटान के मुहाने पर हैं। वहीं गोपालनगर में हरिशंकर यादव, प्रभुनाथ यादव, लालजी साहनी और बच्चा यादव समेत करीब 12 परिवारों के आशियानों पर खतरा मंडरा रहा है। लगातार खिसकती जमीन और नदी की बढ़ती धार से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले तीन महीने से क्षेत्रीय लेखपाल को कटान की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे। आरोप है कि शिकायत करने पर लेखपाल रिपोर्ट भेजने और नियमानुसार सरकारी सहायता मिलने की बात कहकर जिम्मेदारी पूरी कर लेते हैं। रामजी यादव, कमलेश यादव, जिऊत यादव, दीपक यादव और दशरथ यादव समेत ग्रामीणों ने बताया कि सरयू लगातार उपजाऊ जमीन को निगलते हुए बस्तियों की ओर बढ़ रही है। इसके बावजूद प्रभावित परिवारों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं। कटान की रफ्तार बनी रही तो कई और परिवारों के बेघर होने का खतरा है। 10 किलोमीटर क्षेत्र में कटान से चिंता ग्रामीणों के अनुसार, मांझा से चाई छपरा तक करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में सरयू नदी कटान कर रही है। इसकी चपेट में उपजाऊ जमीन के साथ वशिष्ठनगर, धूपनाथ का डेरा, गोपालनगर टांडी, गोपालनगर, मानगढ़ और शिवाल मठिया की बस्तियां भी हैं। कटान का दायरा बढ़ने से पूरे दियरांचल में चिंता गहराती जा रही है। ग्रामीणों को चिंता है कि यदि कटान इसी तरह जारी रही तो कई और मकान नदी में समा सकते हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत दिलाने और कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। एसडीएम ने दो दिन में निरीक्षण का दिया आश्वासन सरयू नदी की कटान से दियरांचल को बचाने की मांग को लेकर दियरांचल बचाव संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को प्रदीप यादव के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी बैरिया रमेश चंद्र वर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कटान की गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए प्रभावित गांवों को बचाने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान प्रदीप यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रशेखर यादव, सुनील यादव, वीरेंद्र प्रसाद और विजय यादव समेत दर्जनों लोग शामिल रहे। कटान रोकने को ग्रामीणों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ सरयू नदी की कटान से परेशान सुरेमनपुर दियरांचल के ग्रामीणों ने मंगलवार को गोपालनगर-वशिष्ठनगर के सिवान स्थित कटान स्थल पर हनुमानजी की शरण ली। दर्जनों ग्रामीणों ने पूरे दिन हनुमान चालीसा का पाठ कर नदी की कटान रुकने और गांवों की सुरक्षा की प्रार्थना की। लगातार उजड़ते आशियानों के बीच ग्रामीणों ने धार्मिक अनुष्ठान के जरिये संकट से मुक्ति और अपने गांवों को सरयू की कटान से बचाने की कामना की।