बहराइच। कलेक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर मंगलवार को दूसरे दिन भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ अनशन जारी रहा। राष्ट्रीय यदुवंशी संगठन के जिलाध्यक्ष दुलारे यादव शिवा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में यादव समाज के लोगों की अलग-अलग स्थानों पर हुई हत्याओं के मामलों में पुलिस अब तक कोई ठोस खुलासा नहीं कर पाई है। उन्होंने बताया कि थाना पयागपुर क्षेत्र में ननके यादव उर्फ पुत्ता की हत्या, थाना पयागपुर के कोट बाजार में जगदेव यादव हत्याकांड, थाना रानीपुर क्षेत्र के ग्राम अहिरा टांड़ में त्रिलोकी यादव की हत्या तथा थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र के ग्राम अशरफा में धनीराम यादव की हत्या के मामलों में पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। दुलारे यादव ने आरोप लगाया कि त्रिलोकी यादव हत्याकांड में नामजद आठ आरोपियों में से केवल चार की ही गिरफ्तारी हुई है, जबकि बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि विवेचना किस स्तर पर है और पीड़ित परिवारों को न्याय कब मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी मामलों में दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान सुंदर, ननके, सर्वेश, सुधीर कुमार, दिनेश कुमार यादव, संजय यादव, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।