रूपईडीहा। कन्हैयालाल परमेश्वर दीन हाईस्कूल में सिल्वर जुबली (25वां वार्षिक उत्सव) बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत रूपईडीहा के चेयरमैन डॉ. उमाशंकर वैश्य रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज जयप्रकाश सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा रमेश सिंह रावत उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश वर्मा ने अपने संबोधन में बताया कि वर्ष 2000 में मात्र 150 छात्रों और सीमित संसाधनों के साथ विद्यालय की शुरुआत की गई थी। निरंतर लगन, मेहनत और समर्पण के बल पर आज विद्यालय ने 25 वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर ली है। वर्तमान में विद्यालय में लगभग 1200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं तथा 45 शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, नृत्य एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि डॉ. उमाशंकर वैश्य, जयप्रकाश सिंह एवं रमेश सिंह रावत ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब विद्यालय के छात्र उच्च पदों पर पहुंचते हैं, तो शिक्षकों के लिए यह गर्व का विषय होता है और इससे बड़ी खुशी कोई नहीं होती। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसने सभी उपस्थित लोगों को यादगार अनुभव प्रदान किया। इस अवसर विद्यालय के छात्र छात्राएं शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।