इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को स्वर्गीय कुशमेंद्र सिंह राणा की स्मृति में आयोजित ग्लैमर टाइप प्रीमियर लीग का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। बहराइच ग्लेडिएटर और बहराइच हंटर्स टीम के बीच खेमे गए मैच में बहराइच ग्लेडिएटर टीम ने सात रनों से जीत दर्ज की। ग्लेडिएटर टीम के कप्तान दिव्यांश सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 22 ओवरों में टीम ने सात विकेट खोकर 178 रन बनाए। टीम की ओर से आर्यन क्षितिज ने 38 गेंदों में तेजी से 68 रन बनाए, जबकि वैभव सूरज ने 44 रनों की अहम पारी खेली। हंटर्स की तरफ से कृष्णा सिंह और करन देव ने दो-दो विकेट झटके। 179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहराइच हंटर्स की शुरुआत ठीक रही। तुषार सोनी ने शानदार खेल दिखाते हुए 56 गेंदों में नाबाद 86 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। पूरी टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 171 रन ही बना सकी। इस तरह बहराइच ग्लेडिएटर ने सात रनों से मैच अपने नाम किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए आर्यन क्षितिज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तुषार सोनी को बेस्ट स्ट्राइकर और करन देव को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी आतिफ खान और अखिल अहमद ने निभाई, जबकि स्कोरर यश चौरसिया रहे। आंखों देखा हाल आदिल जमीर ने सुनाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।