फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: 38 करोड़ की मरम्मत पर उठे सवाल, बनते ही दरक रहा नानपारा लखीमपुर हाईवे

मनोज तिवारी, मिहीपुरवा(बहराइच)। नानपारा लखीमपुर हाईवे पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण की गुणवत्ता कटघरे में है। करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से नानपारा से जालिमनगर पुल तक कराए जा रहे मरम्मत व नवीनीकरण कार्य में गंभीर खामियां सामने आ रही हैं। हालत यह है कि जहां आगे-आगे डामरीकरण हो रहा है, वहीं पीछे बनी सड़क दरकती और उखड़ती नजर आ रही है। बहराइच जिले में लगभग 38 किलोमीटर लंबे इस हिस्से की मरम्मत व नवीनीकरण को वर्ष 2024 में स्वीकृति मिली थी। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। करीब एक वर्ष से चल रहे इस कार्य पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। कई स्थानों पर नई डामर परत में दरारें साफ दिखाई दे रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर सड़क फटकर ऊपर उठ गई है। इससे मार्ग समतल होने के बजाय उछाल भरा हो गया है, जो खासकर दोपहिया और हल्के वाहनों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा मानकों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटिया सामग्री के उपयोग के कारण सड़क बनते ही जवाब देने लगी है। कई स्थानों पर दरारों को अस्थायी पैबंद लगाकर ढका जा रहा है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा। भारी वाहनों के गुजरते ही सड़क की परतों में कंपन साफ महसूस होता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नानपारा लखीमपुर मार्ग पहले ही दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। खराब सड़क के कारण बीते वर्षों में कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में करोड़ों की लागत से हो रहे नवीनीकरण कार्य में लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो आगामी दिनों में सड़क की स्थिति और बदतर हो सकती है। दोषी फर्म और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और करोड़ों की इस परियोजना में सामने आ रही खामियों पर कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं। शुभ नारायण अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड लखीमपुर खीरी ने बताया कि नानपारा लखीमपुर हाईवे पर मरम्मत के साथ नवीनीकरण का निर्माण कार्य कराया जा रहा है जिसमें डामर की सतह में दरार आने की शिकायत मिली है जिसकी जांच कर सही कराया जाएगा निर्माण करने वाली एजेंसी की पाँच वर्ष तक मरम्मत कार्य करने की गारंटी है जहां सड़क ख़राब होगी उससे सही कराया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें