नेपाल में हो रहे आम चुनाव के मद्देनज़र भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमावर्ती बहराइच के रुपईडीहा कस्बे में भारत-नेपाल की सीमा पूरी तरह सील कर दी गई है। इससे दोनों देशों के बीच आवागमन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सीमा क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए लगातार गश्त कर रही हैं। भारत की ओर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे हैं, वहीं नेपाल की ओर सीमा चौकियों पर आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है। दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए हैं। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार नेपाल में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। चुनाव को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सशस्त्र सीमा बल विहार शिवानी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि रुपईडीहा सीमा चौकी पर सहायक कमांडेंट अमित कटियार के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जवानों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है और सीमा क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि सीमा पर डॉग स्क्वायड, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही आने-जाने वाले सभी मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि नेपाल में मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक सीमा पर इसी प्रकार की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को देने की अपील की गई है।