बहराइच में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने बृहस्पतिवार को शहर से लेकर गांव तक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। नगर के झिंगहाघाट और टिकोरा मोड़ स्थित पेट्रोल पंपों सहित ग्रामीण इलाकों के कई पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़ के चलते अव्यवस्था की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर तैनात किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को लाइन में लगाकर शांतिपूर्वक तेल वितरण कराया। नगर के रोडवेज व अग्रसेन चौक के पास स्थित केबी पेट्रोल पंप, गोंडा रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोलपंप समेत अन्य क्षेत्रों में स्थित पंपों पर बड़ी संख्या में लोग तेल लेने के लिए पहुंच गए जिसके चलते मौके पर काफी भीड़ हो गई। यहां भी पुलिस कर्मियों ने लोगों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए अपनी निगरानी में तेल का वितरण कराया। लेकिन कुछ देर बाद पेट्रोल खत्म होने पर ड्राई पंप का बोर्ड लग गया। भीड़ के बीच कई लोग घबराए हुए नजर आए और जल्द से जल्द टंकी फुल कराने की होड़ दिखी। हालांकि प्रशासन ने साफ किया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और यह स्थिति केवल अफवाहों के कारण बनी है। वहीं पेट्रोल पंप संचालकों ने भी बताया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाह के चलते एक साथ अधिक संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे दबाव बन रहा है। प्रशासन ने आमजन से संयम बरतने और आवश्यकता के अनुसार ही तेल लेने की सलाह दी है। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि तेल कंपनियों की ओर से नियमित आपूर्ति हो रही है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत के भीड़ न लगाएं।