फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच में झमाझम बारिश से तर हुई तराई, खेतों में लौटी रौनक

Bhupendra Singh Updated Fri, 17 Jul 2026 12:47 PM IST

बहराइच में कई दिनों के इंतजार के बाद शुक्रवार को मानसून ने आखिरकार तराई पर मेहरबानी दिखाई। सुबह से रुक-रुक कर होती बूंदाबांदी के बाद करीब 11 बजे से झमाझम बारिश शुरू हुई, जो दोपहर तक जारी रही। सीजन में पहली बार दिन के समय हुई अच्छी बारिश से धान की रोपाई कर चुके किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं उमस और गर्मी से परेशान लोगों को भी बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धान की खेती करने वाले किसान रामऔतार वर्मा ने बताया कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है। अब धान की रोपाई और फसल की बढ़वार को गति मिलेगी। किसान हरिशरण सिंह ने कहा कि कई दिनों से खेत सूखने लगे थे, लेकिन इस बारिश ने खेती को नई उम्मीद दी है। वहीं संतोष सिंह का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि मानसूनी गतिविधियां अब सक्रिय हो गई हैं। अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें और मौसम को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाएं। बारिश से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बनी, लेकिन अधिकांश लोगों ने इसे राहत की बारिश बताया। किसान अब अच्छी पैदावार की उम्मीद के साथ मौसम पर नजर बनाए हुए हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें