बहराइच में अल्फा जियो कंपनी द्वारा डीजल व प्राकृतिक गैस की खोज के दौरान विस्फोट किया गया। इससे ग्रामीण सहम गए। सूचना पर विधायक सुरेश्वर सिंह समेत हजारों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। यूपी के बहराइच में हरदी थाना क्षेत्र का ग्राम पंचायत सिकंदरपुर रविवार की सुबह बम धमाकों से गूंज उठा। खेतों में अचानक हुए तीन से चार धमाकों से ग्रामीण सहम गए और लाठी-डंडा लेकर खेत पहुंच गए। वहां मौजूद 40 से अधिक लोगों को घेर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह भी मौके पर पहुंचे। जानकारी करने पर क्षेत्र में अल्फा जियो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा मौके पर प्राकृतिक गैस व डीजल-पेट्रोल खोजने की सूचना मिली। वहीं कंपनी के कर्मियों के पास भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ। जिले में मुख्यमंत्री के आगमन के 48 घंटे पहले भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से विधायक भड़क गए। उन्होंने मुख्यमंत्री का दौरा रद्द करने तक की मांग कर डाली। सूचना पर पहुंचे एडीएम, एएसपी, एसडीएम आदि ने कंपनी के 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।