फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच के कतर्नियाघाट में मिला 10 वर्षीय नर हाथी का शव, जांच जारी

यूपी के बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया बीट क्षेत्र में मंगलवार को सुबह वन विभाग की टीम को पेट्रोलिंग के दौरान एक नर हाथी का शव मिला। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। बताया जा रहा है कि सुबह वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम नियमित गश्त पर निकली थी। इसी दौरान संरक्षित वन क्षेत्र के अंदर करीब 10 वर्षीय नर हाथी का शव पड़ा मिला। टीम ने तुरंत इसकी सूचना रेंज कार्यालय को दी। इसके बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर आर. राजामोहन और प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पशु चिकित्सकों की टीम ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए बरेली स्थित प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की है। ताकि, मौत का सही कारण पता लगाया जा सके। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले करीब ढाई महीने से इस इलाके में हाथियों की गतिविधि काफी बढ़ गई है। ऐसे में किसी बीमारी, आपसी संघर्ष या अन्य कारणों से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। आसपास के जंगलों में निगरानी तेज कर दी गई है। हाथी विशेषज्ञ अभिषेक ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि इस समय इलाके में हाथियों का झुंड सक्रिय है, इसलिए लोग खासकर सड़कों पर आते-जाते समय सावधानी बरतें। जंगल के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें