बागपत के एसपीसी डिग्री कॉलेज मैदान में मंगलवार को नेहरू युवा केंद्र और जिला प्रशासन की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लेकिन कार्यक्रम के दौरान मंच पर बड़ी लापरवाही दिखी, जिससे लौह पुरुष का अपमान हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री केपी मलिक सरदार पटेल के योगदान और उनके आदर्शों पर भाषण दे रहे थे, तभी मंच पर लगी सरदार वल्लभभाई पटेल की तस्वीर नीचे गिर गई। तस्वीर कुछ समय तक गिरी पड़ी रही, लेकिन मंच पर आगे बैठे किसी ने उसे उठाने की कोशिश नहीं की। सब नेता और अधिकारी आराम से बैठे रहे। इस दौरान मंत्री अपना भाषण जारी रखते रहे। वहाँ खड़े कई युवा ये देखकर आगे आए और उन्होंने तस्वीर को उठाया। इसको लेकर आयोजको की लापरवाही पर सवाल उठाए। सरकारी कार्यक्रम में भाजपा संगठन वालो के फोटो भी लगाने पर सवाल उठे। उसपर जिला अध्यक्ष से लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष तक के फोटो लगाये गए। पूर्व विधायकों सहेन्द्र और साहब सिंह के साथ ही विधायक योगेश धामा का छोटा फोटो भी लगाने पर विधायक के आपत्ति जताने की बात कही जा रही है।