बागपत कलेक्ट्रेट में सोमवार को ब्राह्मण और विश्वकर्मा समाज के लोगों ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों समाज के लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा कथित रूप से ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिससे समाज में भारी नाराजगी है। इसी को लेकर ब्राह्मण समाज के लोगों ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग उठाई। वहीं विश्वकर्मा समाज के लोगों ने भी राजकुमार भाटी पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को अलग से ज्ञापन सौंपा और उचित कार्रवाई की मांग की।