बागपत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय एक महिला का पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गई और उसका पैर कट गया। जानकारी के अनुसार खेकड़ा की रहने वाली महिला छोटी 64025 एक्सप्रेस ट्रेन से अग्रवाल मंडी टटीरी से खेकड़ा हटाना जा रही थीं। मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे बागपत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर पायदान से फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनका पैर कट गया। घायल महिला को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। महिला खेकड़ा के काले बाबा मंदिर के पास की निवासी बताई गई हैं। महिला के पति राजन ने बताया कि उनकी पत्नी टटीरी से खेडा हटाना जा रही थीं। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया।