सहारनपुर में बृहस्पतिवार को आई तेज आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत दिलाई, लेकिन इसके साथ ही कई समस्याएं भी खड़ी हो गईं। कोर्ट रोड, घंटाघर और अन्य प्रमुख चौराहों पर नगर निगम द्वारा लगाए गए ग्रीन नेट तेज हवाओं के कारण उड़ गए। कुछ स्थानों पर सड़क पर अवरोध उत्पन्न होने से यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति देखने को मिली। आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली लाइनों में फाल्ट आने के कारण लोगों को लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। वहीं तेज हवाओं के कारण बागवानों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि फसलों और फलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।