बागपत जनपद के दोघट थानाक्षेत्र में दाहा गांव चल रहे तीन दिवसीय ऋग्वेद खण्ड परायण यज्ञ के समापन मंत्रोउच्चारण के साथ समापन हुआ। यज्ञ ब्रह्मा स्वामी विवेकानंद सरस्वती ने कहा कि हमें बुरे काम छोड़ कर अच्छाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। यज्ञशाला दाहा में तीन दिवसीय ऋग्वेद खंड पारायण यज्ञ के समापन पर दोआब पर्यावरण समिति दाहा के तत्वाधान में स्वच्छ नदियां,स्वच्छ जल,स्वच्छ खान पान,स्वच्छ जीवन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष डॉ.चंद्रवीर सिंह राणा ने कहा कि हिंडन व कृष्णा नदी तथा इनके आस पास के गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एनजीटी के माध्यम से सात साल से लड़ाई जा रही है। क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह लड़ाई आगे जारी रहेगी। क्षेत्रवासियों से सहयोग करने की अपील की। पूर्व कृषि मंत्री सोमपाल शास्त्री ने कहा कि हमें जो बुजुर्गों ने दिया उसका निर्वाह करना चाहिए। जल प्रदूषण बढ़ गया है। जिस कारण नई-नई बीमारियां जन्म ले रही है। पूर्व विधायक सहेंद्र सिंह ने कहा कि जल,पर्यावरण,पेड़- पौधों की रक्षा करनी चाहिए। पानी की बर्बादी रोकनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरूकुल प्रभात आश्रम टीकरी के कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती ने की व संचालन मा सुरेश राणा ने किया।