बागपत जनपद में गुरुवार दोपहर हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। सुबह से तेज धूप और उमस भरे मौसम के कारण लोग परेशान नजर आ रहे थे, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही मौसम सुहाना हो गया और लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई देने लगी। कई लोग बारिश का आनंद लेने के लिए घरों से बाहर निकल आए, वहीं बाइक सवार भी बारिश में भींगते हुए अपने सफर का आनंद लेते नजर आए। बारिश के बाद पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई। हालांकि कुछ स्थानों पर हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।