बागपत में विजिलेंस मेरठ की टीम ने शुक्रवार को पूर्ति कार्यालय में छापामारी कर जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि बुढ़सैनी गांव के राशन विक्रेता नरेंद्र सिंह से 45 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कमीशन मांगा जा रहा था। साथ ही रकम न देने पर कार्रवाई कराने की धमकी भी दी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और जिला पूर्ति अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी को कोतवाली ले गई, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।