बागपत में यमुना नदी में ठोकर (स्पर) निर्माण को सही स्थान पर कराने की मांग को लेकर शबगा और जागोस गांव के किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन पर निर्माण कार्य गलत स्थान पर कराने का आरोप लगाया। भाकियू के दिल्ली-एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा ने कहा कि प्रशासन शबगा गांव में ठोकर का निर्माण सही जगह पर नहीं करा रहा है। उनका कहना है कि जहां निर्माण होना चाहिए, वहां कार्य नहीं किया जा रहा है, बल्कि दूसरी जगह काम कराया जा रहा है। इससे किसानों की जमीन और फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। धरने की सूचना मिलने पर कलेक्ट्रेट प्रभारी ज्योति शर्मा मौके पर पहुंचीं और किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर निर्माण सही स्थान पर कराया जाएगा। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।