आजमगढ़ में महिलाओं को कागज की गड्डी को रुपये की गड्डी बताकर भ्रमित कर आभूषण और नकदी ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग के तीन शातिर सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। तरवां थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी कमलेश राम मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तीसरे आरोपी विकास यादव को मेंहनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि तीनों आरोपी गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह लोग मिलकर आजमगढ़, मऊ व गाजीपुर में टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, दो कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल और 6,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा मंगलसूत्र, कान के झुमके, कनफूल, लाकेट, पायल और चेन समेत पीली व सफेद धातु के आभूषण भी मिले हैं।