आजमगढ़ में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने, मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने समेत सात सूत्री मांगों को लेकर सपा छात्र सभा के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को विरोध मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपने जा रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसे लेकर छात्रों और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक नोकझोंक हुई। छात्रों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एहतियातन मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात रही। छात्र कलेक्ट्रेट तक जाने की मांग पर अड़े थे, जबकि पुलिस उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दे रही थी। पुलिस का कहना था कि सड़क पर प्रदर्शन से यातायात प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को परेशानी हो रही है। काफी देर तक दोनों पक्षों में बहस होती रही। बाद में एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाया। इसके बाद छात्र शांत हुए और उन्हें ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी गई। ज्ञापन देने के बाद छात्र वापस लौट गए।