आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरानी जेल की जमीन पर सोमवार को एक कटा हुआ मानव पैर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बीच शहर में मानव अंग मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुरानी जेल परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने कटे हुए पैर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कुछ बरामद नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने मानव पैर को कब्जे में लेकर सील कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास स्थित डंपिंग यार्ड में नगर पालिका की गाड़ियों से अस्पतालों का मेडिकल वेस्ट डाला जाता है। आशंका जताई जा रही है कि यह मानव अंग किसी अस्पताल के मेडिकल वेस्ट का हिस्सा हो सकता है, जिसे आवारा कुत्ता डंपिंग यार्ड से खींचकर सड़क किनारे ले आया। वहीं दूसरी ओर, कुछ लोग इसे किसी गंभीर आपराधिक घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं। उनका मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव के अंग अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए हो सकते हैं। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।