जिले के अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के खजुरी स्थित बड़े मैदान में रविवार को राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आजमगढ़ सहित पूर्वांचल के कई जिलों से बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अनुशासन, शारीरिक प्रशिक्षण और शिक्षा के प्रति जागरूक करना बताया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सुहेलदेव सेना से जुड़े युवाओं को पीले रंग का मोटा डंडा सौंपा। उन्होंने कहा कि यह कोई हथियार नहीं, बल्कि अनुशासन, सुरक्षा और संगठन की एकजुटता का प्रतीक है। इसे लेकर जिले में राजनीति गर्म हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक यादव ने सोमवार को इस कार्यक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में ओमप्रकाश राजभर ने राजभर समाज के युवाओं के हाथों में लाठियां बांटी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ राजभर अपने बेटों को लोकसभा और विधानसभा का टिकट देकर उनका भविष्य संवार रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ राजभर समाज के युवाओं के हाथों में कलम देने के बजाय लाठी थमाकर उन्हें उन्मादी बनाया जा रहा है। सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि महाराजा सुहेलदेव के नाम का गलत इस्तेमाल कर युवाओं को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस योगी सरकार में ओमप्रकाश राजभर मंत्री हैं, उसी सरकार में पीडीए वर्ग के आरक्षण और नौकरियों पर हमला हो रहा है, लेकिन इस पर राजभर चुप रहते हैं। अशोक यादव ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव पीडीए और शोषित वर्ग को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।