आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के बस्तीभुजबल बाजार में एक चौका देने वाली घटना सामने आई। एक थोक किराना दुकान में नग्न अवस्था में घुसे अज्ञात चोर ने ढाई लाख रुपये नगद समेत लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर पहचान छिपाने के लिए सिर पर प्लास्टिक की बाल्टी रखकर चोरी करता नजर आ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर पूरा बाजार निवासी नीरज गुप्ता बस्तीभुजबल गांव में किराए के मकान के दूसरे तल पर किराना की थोक दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वह एक कार्यक्रम में चले गए थे और रात 12 बजे घर लौटे। सोमवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा मिला और सीढ़ी के पास लगा अल्बेस्टर टूटा हुआ था। नीरज गुप्ता ने बताया कि चोर उसी रास्ते से दुकान में घुसा और कैश काउंटर में रखे लगभग ढाई लाख रुपये नगद व करीब एक लाख रुपये से अधिक कीमत का सामान, जिसमें काजू-बादाम समेत अन्य वस्तुएं शामिल हैं, चोरी कर ले गया। कुल मिलाकर लगभग 3.50 लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई है। घटना की सूचना पर 112 नंबर पुलिस और स्थानीय थाने की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।