सावन महीने में लाखों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं, लेकिन इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बार-बार अव्यवस्थाओं और असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर सीधा सवाल उठाया है। अखिलेश यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा कोई नई परंपरा नहीं है, यह भगवान शिव के प्रति आस्था का पर्व है, जो हर साल सावन में लाखों लोगों द्वारा निभाया जाता है। देश में कोई भी शिव मंदिर ऐसा नहीं है जहां सावन में भक्त जल न चढ़ाते हों। जब सरकार को यह सब पता है, तो उन्होंने अब तक श्रद्धालुओं के लिए समर्पित और सुरक्षित मार्ग क्यों नहीं बनाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को 8 साल हो गए, दिल्ली में 11 साल हो चुके, लेकिन आज तक श्रद्धालुओं के लिए कोई समर्पित रूट, शॉर्टकट रास्ता या एलीवेटेड सड़क तक नहीं बनाई गई। कांवड़ यात्रा कोई सामान्य यात्रा नहीं है, ये एक धार्मिक अनुष्ठान है, जिसमें पवित्रता, भावना और परंपरा का निर्वहन होता है। क्या सरकार को श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा का कोई ख्याल नहीं” उन्होंने कहा कि सरकार को धरातल पर श्रद्धालुओं के लिए ठोस, स्थायी और सम्मानजनक व्यवस्था बनानी चाहिए।