रामनगरी की तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर परमहंस आचार्य ने खुद को भाजपा नेता बताने वाले सच्चिदानंद पांडे पर दो लाख रुपये लेकर वापस न करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। परमहंस आचार्य ने बताया कि सच्चिदानंद पांडे ने पारिवारिक और चिकित्सकीय आपात स्थिति का हवाला देते हुए उनसे दो लाख रुपये उधार लिए थे। उन्होंने कहा कि यह रकम चेक के माध्यम से दी गई थी, जिसका बैंक रिकॉर्ड उनके पास सुरक्षित है। आचार्य का आरोप है कि कई बार आश्वासन देने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उन्हें कथित रूप से धमकियां दी गईं और कानूनी कार्रवाई न करने के लिए कहा गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। परमहंस आचार्य ने बताया कि मामले की शिकायत अयोध्या पुलिस के अधिकारियों से की गई है। उनका कहना है कि पुलिस अधिकारियों ने प्रकरण में जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।