सावन का पावन महीना और भगवान शिव की भक्ति इसकी दिव्य झलक अब अयोध्या के सरयू तट पर नजर आने लगी है। सावन के दूसरे सोमवार और त्रयोदशी पर्व को लेकर अयोध्या में कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। शिवभक्तों की टोलियां सरयू जल लेने, दर्शन-पूजन और रामलला के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंचने लगी हैं। प्रशासन अनुमान लगा रहा है कि सावन के दूसरे सोमवार (10) और सावन शिवरात्रि यानी (11) को कांवड़ियों का रेला अयोध्या आएगा। अयोध्या में सावन के चलते चारों ओरहर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष गूंज रहे हैं। सरयू घाटों, परिक्रमा मार्ग, रामपथ, धर्मपथ, हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि मार्ग पर श्रद्धालुओं की चहलपहल बढ़ चुकी है। भीड़ को देखते हुए अयोध्या प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस, पीएसी, एटीएस, ड्रोन और खुफिया एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सक्रिय हैं। सरयू किनारे, भीड़भाड़ वाले बाजारों और मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड भी तैनात किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल, महिला सुरक्षा के लिए महिला कांस्टेबल, और दर्जनों अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सरयू तटों पर एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें तैनात हैं, जिससे जल लेने आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।