प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रविवार को अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय के 27वें दीक्षांत समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर राज्यपाल ने 28 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और 735 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों का सम्मान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किट वितरण और कहानी लेखन, पेंटिंग तथा भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का सबसे बड़ा योगदान होता है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपनी डिग्री माता-पिता को समर्पित करें, उनके चरण छूकर आशीर्वाद लें, क्योंकि माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और यह सेवा जीवन के अंतिम क्षण तक जारी रहनी चाहिए। राज्यपाल ने बताया कि आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय ने देश भर के वेटरनरी विश्वविद्यालयों में A++ ग्रेड प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश का गौरव बताते हुए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।