नगर निगम के सैकड़ों आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय में जमकर हंगामा किया। तिलक हाल में एकत्र कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए नगर प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जताया। यह प्रदर्शन सफाई कर्मचारी नेता विनय बाघमारे के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार को नगर विकास मंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त कर कर्मचारियों को संविदा पर तैनात करने की मांग की गई। इसके साथ ही संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी किए जाने और पहले से कार्यरत परमानेंट कर्मचारियों को पेंशन सुविधा देने की भी मांग उठाई गई। कर्मचारी नेता विनय बाघमारे ने कहा कि नगर निगम में वर्षों से कार्य कर रहे कर्मचारी असुरक्षा के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था में न तो समय पर मानदेय मिलता है और न ही भविष्य की कोई गारंटी है। विनय बाघमारे ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश भर के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को एकजुट कर लखनऊ में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।