डाक विभाग की पहल पर मंगलवार को कोट सराय स्थित पंचायत भवन में आधार सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पहले प्राथमिक विद्यालय रायपुर में प्रस्तावित था, लेकिन चेहल्लुम के अवकाश के कारण वहां इसका आयोजन नहीं हो सका। शिविर में लोग आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। जन्मतिथि, नाम और पते में सुधार के साथ ही निवास संबंधी त्रुटियों का निस्तारण किया गया। कई छोटे बच्चों के नए आधार कार्ड भी बनाए गए। डाक विभाग के कर्मचारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी कराई। शिविर में पहुंचे लोगों ने एक ही स्थान पर आधार संबंधी विभिन्न सेवाएं मिलने पर संतोष जताया।