नगर निगम द्वारा चौक क्षेत्र में बनाई जाने वाली नई दुकानों के आवंटन में दिव्यांगों को भी प्राथमिकता देने की मांग जोर पकड़ रही है। मंगलवार को करीब 40 दिव्यांगजन नगर निगम कार्यालय पहुंचे और सामूहिक रूप से आवेदन देकर अपनी बात रखी। महापौर को ज्ञापन सौंपा। दिव्यांगजनों का कहना है कि सरकारी योजनाओं और आवंटन प्रक्रियाओं में उनके लिए निर्धारित 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ उन्हें मिलना चाहिए। उनका आरोप है कि अक्सर योजनाओं में यह प्रावधान होते हुए भी व्यावहारिक स्तर पर उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है। आवेदन में उन्होंने मांग की है कि चौक क्षेत्र में बनने वाली दुकानों के आवंटन में दिव्यांगों के लिए अलग से कोटा निर्धारित किया जाए, ताकि वे भी स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।