बदहाल बिजली व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, गैस सिलेंडर व उर्वरक की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रत्याशी हाजी फिरोज खान गब्बर के नेतृत्व में सोहावल में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पैदल मार्च निकालते हुए तहसील पहुंचने वाले थे लेकिन रास्ते में एसडीएम सविता राजपूत ने राज्यपाल को संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन प्राप्त किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। हाजी फिरोज खान गब्बर ने कहा कि बिजली कटौती, बढ़ती महंगाई और किसानों को खाद न मिलने से आमजन परेशान हैं। ज्ञापन में निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेट्रोल-डीजल व गैस कीमतों में कमी, पारदर्शी परीक्षाएं, रोजगार, महंगाई नियंत्रण, उर्वरक उपलब्धता, सोहावल चौराहे पर जाम व जलभराव से निजात तथा खेतौनी अंश निर्धारण के लिए गांव स्तर पर कैंप लगाने की मांग की गई।