छह दिसंबर 1992 बाबरी विध्वंस, नौ नवंबर 2019 सर्वोच्च न्यायालय से राम मंदिर के पक्ष में निर्णय और पांच अगस्त 2020 भव्य राम मंदिर की आधारशिला रखे जाने की तिथियों को निकाल कर फिल्म ' 695' का निर्माण किया गया। राम मंदिर के भूमि पूजन की पांचवीं वर्षगांठ पर इस फिल्म को मंगलवार को अयोध्या के एक मॉल में रिलीज किया गया। फिल्म निर्माता श्याम चावला ने बताया कि सनातन धर्म के इतने बड़े घटनाक्रम को बॉलीवुड ने जिस तरह से नजरअंदाज किया, उससे हम छत्तीसगढ़ के युवाओं में विचार जागा कि क्यों न हम लोग राम मंदिर के संघर्ष के ऐतिहासिक क्षणों और निर्माण पर एक फिल्म बनाएं। हमारा उत्साह काम आया और फिल्म ने आकार ले लिया। इस फिल्म को आज अयोध्या में रिलीज किया गया। उन्होंने बताया कि फिल्म में राम मंदिर के लिए किए गए 500 वर्षों के संघर्ष को दिखाया गया है। यह फिल्म उन सभी योद्धाओं को समर्पित है, जिन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया। विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने कहा कि फिल्म देखकर ऐसा लगा कि राम मंदिर आंदोलन के पल-पल के घटनाक्रम को फिल्म वास्तविक रूप से प्रदर्शित कर रही है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के योद्धाओं का अभिनय करने वाले कलाकारों ने संबंधित व्यक्तित्व को जीवंत कर दिया है। यह फिल्म आने वाली पीढ़ी को राम मंदिर के संघर्ष की गाथा सुनाती रहेगी।