आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अयोध्या आगमन के दौरान सनातन रक्षक संघ और पंडा-पुरोहित समाज ने उनका विरोध किया। सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके आवास से राम मंदिर के गेट नंबर-11 की ओर काली झंडी दिखाने के लिए निकले हालांकि, प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को उनके आवास के पास ही रोक दिया और आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंका, हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया तथा "अरविंद केजरीवाल वापस जाओ" सहित विभिन्न नारे लगाए। प्रदर्शन में पंडा -पुरोहित समाज के अध्यक्ष राजेश महाराज समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे मीडिया से बातचीत में सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कहा कि जिन लोगों ने पहले भगवान श्रीराम और राम मंदिर को लेकर विवादित बयान दिए तथा राम मंदिर के स्थान पर अस्पताल और विद्यालय बनाने की बात कही थी, ऐसे लोगों का अयोध्या में विरोध किया जाएगा। वहीं पांडा-पुरोहित समाज के अध्यक्ष राजेश महाराज ने कहा कि प्रशासन ने उन्हें आवास से आगे बढ़कर गेट नंबर-11 तक जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और मौके पर ही अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।