रामनगरी में 20 सितंबर को शहर के फतेहगंज स्थित खीर गली में पुलिस ने सेक्स रैकेट का खुलासा किया था। छापेमारी के दौरान 11 महिलाओं को बरामद किया गया। इस खुलासे के बाद अब राजनीति भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अवधेश प्रसाद का कहना है कि फतेहगंज चौकी से मात्र 500 मीटर की दूरी पर पिछले कई साल से चकला घर संचालित हो रहा था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस अवैध कारोबार को संरक्षण दे रही थी। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि इस गली में लंबे समय से देह व्यापार चल रहा था, जिसके कारण आसपास के घरों में लड़के-लड़कियों की शादी तक में दिक्कतें आ रही थीं। सांसद ने मांग की कि जिस मकान में चकला घर चलता पाया गया है, उस पर बुलडोजर चलाया जाए सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जब से यहां यह धंधा चल रहा था, उस दौरान फतेहगंज चौकी पर जो भी चौकी इंचार्ज रहे हैं, चाहे वे रिटायर क्यों न हो गए हों, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। अवधेश प्रसाद ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की नगरी को इस कृत्य से बदनाम किया गया है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।