मकबरा स्थित स्टेडियम में अंडर-16 ओल्ड ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए आयोजित चार दिवसीय ट्रायल के दूसरे दिन भी गोंडा की टीम ने जीत दर्ज की। बारिश के कारण मैच को 20-20 ओवर का कराया गया। गोंडा और अंबेडकरनगर के बीच खेले गए मुकाबले में गोंडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 86 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंबेडकरनगर की टीम 64 रन ही बना सकी, जिससे गोंडा ने 22 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। लगातार दूसरे दिन जीत दर्ज कर गोंडा की टीम ने ट्रायल में अपना दबदबा कायम रखा। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के जिला सचिव उमेर अहमद ने बताया कि ट्रायल में अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर और गोंडा के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इन मुकाबलों के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर के बीच ट्रायल मैच खेला जाएगा।