अयोध्या पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना व देशभर से आए पीठासीन अधिकारियों ने रामलला के दर्शन किए। अयोध्या आगमन पर सभी का भव्य स्वागत किया गया। रूदौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। विधायक रामचंद्र यादव ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बुके भेंट किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। इसके बाद अयोध्या धाम के निषादराज चौराहे पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त के नेतृत्व में स्वागत किया गया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना देश के पीठासीन अधिकारियों के साथ अयोध्या पहुंचे हैं। पीठासीन अधिकारियों के साथ करीब साढे चार सौ लोगों का दल अयोध्या पहुंचा है। राम मंदिर के आद्य शंकराचार्य द्वार से सभी को मंदिर में प्रवेश दिया गया। इस दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।