रामनगरी अयोध्या पहुंची उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश बड़ी आबादी वाला राज्य है। यहां पर 12.50 करोड़ से अधिक महिलाएं हैं। आयोग के पास सबसे ज्यादा शिकायत घरेलू विवाद से जुड़ी हुई आती है। ऐसे मामलों में दोनों पक्षों को बैठा कर सुनवाई की जाती है। इसमें दोनों तरफ के अधिवक्ता भी मौजूद रहते हैं। दोनों पक्षों की बातों को सुनकर तथ्यों के आधार पर निर्णय किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में तीन दिवसीय कार्यशाला के दौरान राज्य महिला आयोगों की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों को विभिन्न विषयों पर कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इसके आधार पर आयोग और बेहतर तरीके से काम कर पाएंगे।