अयोध्या में जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला जेल से दो कैदी फरार हो गए हैं, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फरार कैदियों की पहचान अमेठी के गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज अग्रहरी और सुल्तानपुर के शेर अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कैदी गंभीर मामलों में जेल में निरुद्ध थे। गोलू अग्रहरि हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद था, जबकि शेर अली बलात्कार के आरोप में न्यायिक हिरासत में था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों कैदियों ने तन्हाई के बैरक की दीवार तोड़ी और उसके बाद जेल की बाउंड्रीवॉल कूदकर फरार हो गए। कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस और जेल प्रशासन की कई टीमें गठित की गईं और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। जिले की सीमाओं पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी जेल एसके मैत्रीये मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और लापरवाही के बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल फरार कैदियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।