अयोध्या में समाजवादी पार्टी का पीडीए महासम्मेलन सहादतगंज स्थित एक लॉन में आयोजित हुआ। इस महासम्मेलन में सपा सांसद अवधेश प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच से अपनी सियासी ताकत दिखाई। सांसद ने कहा कि यह पीडीए महासम्मेलन व्यवस्था परिवर्तन का सम्मेलन है। अयोध्या से यह संदेश दिया गया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा बुरी तरह से परास्त होगी। अखिलेश यादव ने भले ही अयोध्या और राम मंदिर से दूरी बनाए रखी हो, लेकिन अवधेश प्रसाद अपने हर बयान में मां सरयू और भगवान राम की चर्चा जरूर करते हैं। उन्होंने कहा कि यह राम की नगरी है, जहां पर मां सरयू बहती हैं। इसी रामनगरी के लोगों ने उन्हें सांसद बनाया। अब 2027 की चुनाव में एक बार फिर अयोध्यावासी प्रदेश में सपा की सरकार बनाएंगे। अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान बदलना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी संविधान बदलने नहीं देगी। सम्मेलन के दौरान चर्चा यह भी रही कि आखिर समाजवादी पार्टी का पीडीए महासम्मेलन अयोध्या से ही क्यों शुरू हुआ? क्या समाजवादी पार्टी अयोध्या को राजनीति की धुरी मानकर विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रही है? पीडीए महासम्मेलन में जनपद के सभी नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को बुलाकर सियासी ताकत दिखाने की कोशिश की। अब देखना यह होगा कि 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी को पीडीए महासम्मेलन का कितना लाभ मिलता है।