अयोध्या में आगामी गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कोतवाली नगर पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और चिन्हित संवेदनशील मोहल्लों में विशेष सतर्कता के साथ संचालित किया गया। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच मेटल डिटेक्टर की सहायता से की गई। यात्रियों के सामान की भी बारीकी से तलाशी ली गई और आमजन को जागरूक करते हुए कहा गया कि यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसी क्रम में शहर के उदया चौराहा और रिकाबगंज क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान दोपहिया और चार पहिया वाहनों की जांच कर दस्तावेजों की पड़ताल की गई। कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज इलाके में भी विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां काली फिल्म लगे वाहनों को रोकवा कर फिल्म उतरवाई गई। चेकिंग अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक जीआरपी, आरपीएफ और थाना कोतवाली नगर की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर आगे भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर में कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनी रहे।